जगदलपुर से वर्चुअल संवाद में महिला किसान ने बताई तरक्की की कहानी, प्रोत्साहन राशि से बढ़ाएंगी कुक्कुटपालन

रायपुर। जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित आदान सहायता राशि वितरण कार्यक्रम में बिलासपुर से वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर जिले के मुंडापाल की महिला कृषक बसंती कश्यप से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के बाद मिली प्रोत्साहन राशि के उपयोग को लेकर चर्चा की और उन्हें बधाई दी।
बसंती कश्यप ने बताया कि उनके परिवार के पास साढ़े तीन एकड़ पैतृक कृषि भूमि है, जहां उन्नत तरीके से धान की खेती की जाती है। इस साल उन्होंने 50 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा, जिसकी 1 लाख 18 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में जमा हुई। इस रकम का उपयोग आवास निर्माण और खेती-किसानी के कार्यों में किया गया।
अब मिली 36 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि से वे कुक्कुटपालन का विस्तार करेंगी और होली पर्व भी उत्साह से मनाएंगी। उन्होंने बताया कि खेती के साथ-साथ कुक्कुटपालन से भी परिवार को अच्छी आमदनी हो रही है। इसी को देखते हुए अब 300 से अधिक मुर्गियों का पालन करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आय में और बढ़ोतरी हो सके।
बसंती कश्यप ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसान हितैषी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।




