साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन में भारत को स्वर्ण, कवर्धा की रिया तिवारी बनीं जीत की चमक

रायपुर। बिहार की राजधानी पटना में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के साथ नेपाल, भूटान और श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर देश का परचम लहराया।
इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की होनहार खिलाड़ी रिया तिवारी की अहम भूमिका रही। भारतीय टीम की विजेता सदस्य रिया ने न सिर्फ देश को गौरवान्वित किया, बल्कि अपने जिले और प्रदेश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रिया तिवारी को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रिया की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रिया ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिया आगे भी देश के लिए पदक जीतेंगी और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
वहीं, रिया तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने कोच अविनाश चौहान व जय किशन को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था। रिया के अनुसार यह स्वर्ण पदक उनके खेल जीवन की नई शुरुआत है और वे आगे भी पूरे समर्पण के साथ देश और प्रदेश के लिए बेहतर प्रदर्शन करती रहेंगी।



