जानिए किसने खरीदा अमेरिका का सबसे महंगा घर

वॉशिंगटन
लंदन में सबसे महंगी आवासीय संपत्तियों में से एक खरीदने के कुछ ही दिनों बाद, सिटेडल (Citadel) के संस्थापक केन ग्रिफिन ने 220 सेंट्रल पार्क साउथ में 23.8 करोड़ डॉलर (16 अरब 95 करोड़ रुपए) में पेंटहाउस खरीदा है। कीमत के लिहाज से यह अमेरिका का सबसे महंगा घर बताया जा रहा है। लगभग 24,000 वर्ग फुट के इस अपार्टमेंट उन्हें केन उस वक्त रहेंगे, जब वह न्यूयॉर्क में काम कर रहे होंगे।
ओलशान रियल्टी इंक की प्रेसिडेंट डोना ओलशान ने कहा कि केन ने जो खरीदा वह यकीनन अब न्यूयॉर्क की नंबर एक इमारत होगी। बताते चलें कि इस महीने की शुरुआत में ग्रिफिन ने बकिंघम पैलेस से लगभग आधा मील (800 मीटर) की दूरी पर लंदन के सेंट जेम्स पार्क में 200 साल पुराने घर को रिकॉर्ड 12.2 करोड़ डॉलर (8 अरब 68 करोड़ 91 लाख रुपए) में खरीदा था।
लंदन में बने 20,000 वर्ग फुट के इस घर में एक जिम, पूल सहित कई खासियतें हैं। इसके अलावा उन्होंने न्यूयॉर्क और शिकागो में 50 करोड़ डॉलर से अधिक की अचल संपत्ति खरीदी है। बताते चलें कि 50 वर्षीय केन ग्रिफिन ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में अपने छात्रावास के कमरे से कन्वर्टिबल बांड्स का व्यापार शुरू किया था। फ्लोरिडा के रहने वाले केन ने साल 1990 में सिटाडेल की स्थापना की और इसे हेज फंडों और बाजारों को बनाने वाले वैश्विक साम्राज्य में बदल दिया।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, वह दुनिया के 500 सबसे अधिक धनी लोगों में शामिल हैं। उनकी कुल संपत्ति 9.6 अरब डॉलर (683.74 अरब रुपए) है। वह परोपकारी कार्यों में भी सक्रिय हैं। उन्होंने कला और शैक्षणिक कार्यों के लिए 60 करोड़ डॉलर का दान दिया है। इसके तहत उन्होंने शिकागो के आर्ट इंस्टीट्यूट, व्हिटनी म्यूजियम ऑफ अमेरिकन आर्ट और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को दान दिया था।