कोरिया में मेगा लिंकेज और क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन, 99 करोड़ से ज्यादा के ऋण स्वीकृत

कोरिया जिला पंचायत परिसर में जिलास्तरीय मेगा लिंकेज एवं क्रेडिट कैंप का आयोजन हुआ। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी और निजी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैकुंठपुर विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कहा कि स्व-सहायता समूहों और बिहान ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को लखपति नहीं, करोड़पति बनने का सपना देखना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की सराहना की, जिनसे कोरिया की महिलाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कहा कि हितग्राहियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है, जिससे समय पर ऋण अदायगी हो और भविष्य में सहयोग बना रहे। उन्होंने बताया कि मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जिले के 16 बैंकों ने कुल 2,123 प्रकरणों में 99 करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत किए, जिनमें से 2,015 प्रकरणों में 80 करोड़ 64 लाख रुपये का वितरण किया गया। भारतीय स्टेट बैंक ने सबसे अधिक 402 प्रकरणों में लगभग 25 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। लाभार्थियों को बिहान, मुद्रा, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और आदिवासी वित्त जैसी योजनाओं के तहत ऋण प्रदान किए गए।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जनपद प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बैंकर्स, बड़ी संख्या में हितग्राही और महिला समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।



