छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

नवा रायपुर को मिलेगी नई पहचान, वीर नारायण सिंह संग्रहालय फेस-2 और कन्वेंशन सेंटर का काम जल्द शुरू

नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के फेस-2 निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। जल्द ही इसके निर्माण की कार्य प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसी परिसर में एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी आकार लेगा, जो सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।

इसको लेकर आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आर्किटेक्ट, इंजीनियर, कलाकार और विभागीय अधिकारियों के साथ परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष के अवसर पर एक नवंबर को राज्योत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का शुभारंभ किया गया था। इससे पहले मई 2025 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय जीवन शैली और परंपराओं पर आधारित संग्रहालय का उद्घाटन किया था। इन दोनों संग्रहालयों को मिल रही जबरदस्त लोकप्रियता के बाद अब फेस-2 के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

फेस-2 के तहत संग्रहालय परिसर में कैफेटेरिया, गढ़ कलेवा और अन्य दुकानें विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही आकर्षक बागवानी, नंद सागर का सौंदर्यीकरण, फव्वारे और बेहतर पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में टीआरटीआई परिसर में नवनिर्मित छात्रावास के समीप निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर के डिजाइन और लेआउट पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस कन्वेंशन सेंटर में ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी हॉल, मीटिंग रूम, प्रशासनिक भवन और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

बैठक में टीआरटीआई की संचालक हिना अनिमेष नेताम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button