
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग ने रानीझाप एनीकट सूक्ष्म सिंचाई योजना के लिए 4 करोड़ 30 लाख 74 हजार रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत ड्रिप सिंचाई प्रणाली को अपनाया जाएगा, जिससे खरीफ और रबी की फसलों के लिए लगभग 260 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई संभव होगी। यह तकनीक न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि खेती को भी अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाएगी।
गांवों की समृद्धि की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है। स्थानीय किसान और क्षेत्रवासी इससे सीधे लाभान्वित होंगे।
प्रशासनिक स्वीकृति जल संसाधन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन से मुख्य अभियंता, हसदेव कछार, बिलासपुर को जारी की गई है। यह परियोजना क्षेत्रीय कृषि विकास को नई रफ्तार देने वाली है।