NH-30 को 4-लेन बनाने की तैयारी तेज: धवईपानी से सिमगा तक चौड़ीकरण और कवर्धा बायपास को मिली केंद्र की सहमति

रायपुर। नागपुर प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक लगभग 122 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करने और कवर्धा बायपास (4 लेन मय पेव्ड शोल्डर) के निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान बताया गया कि हाल ही में एनएच-30 के जबलपुर से मंडला और चिल्फी तक लगभग 160 किलोमीटर लंबे हिस्से को 4-लेन में विकसित करने की मंजूरी मिल चुकी है। फिलहाल चिल्फी (धवईपानी) से कवर्धा और कवर्धा गुरूनाला से सिमगा तक सड़क 10 मीटर चौड़ी 2-लेन है। चिल्फी से रायपुर मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन के 4-लेन बनने के बाद आगे के 2-लेन हिस्से पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
जबलपुर से रायपुर के बीच एनएच-30 पर स्थित कबीरधाम जिला मुख्यालय कवर्धा इस अंतर्राज्यीय मार्ग का महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन यहां से गुजरते हैं, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कवर्धा बायपास निर्माण की मांग भी रखी गई, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो और जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रायपुर लौटने पर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में विजय शर्मा ने बताया कि सिमगा से रायपुर और धवईपानी से जबलपुर तक 4-लेन निर्माण के आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं, लेकिन धवईपानी से सिमगा तक का हिस्सा शेष था। इस खंड को भी 4-लेन में विकसित करने के लिए अनुरोध किया गया है, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक सहमति दी है। प्रस्ताव पर अमल होने के बाद जबलपुर से रायपुर तक निर्बाध 4-लेन मार्ग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।



