Railway overbridge and underbridge projects to gain momentum; works to be completed sooner through enhanced coordination.

रेलवे ओवरब्रिज-अंडरब्रिज परियोजनाओं में आएगी रफ्तार, समन्वय बढ़ाकर जल्द पूरे होंगे काम

प्रदेश में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग और रेलवे ने समन्वय बढ़ाने का फैसला किया है। मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिन परियोजनाओं का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है, उनकी सभी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिले और यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सके।

समीक्षा के दौरान अतिक्रमण हटाने, भूमि अधिग्रहण, नामांतरण, भूमि व्यपवर्तन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यस्थलों पर यूटिलिटी शिफ्टिंग में होने वाली देरी को भी गंभीरता से लेते हुए इसे जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित न हो।

बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन परियोजनाओं में ड्राइंग-डिजाइन या प्राक्कलन तैयार करने के लिए संयुक्त निरीक्षण की आवश्यकता है, वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारी मिलकर तत्काल निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कार्रवाई पूरी करेंगे।

परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए हर तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण कर रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाए, जिससे प्रदेश में आवागमन और माल परिवहन दोनों अधिक तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकें।

Leave a Reply