नेटफ्लिक्स पर रणवीर सिंह का जलवा, ‘धुरंधर’ बनी ग्लोबल नंबर-1 स्पाई थ्रिलर

रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने ओटीटी की दुनिया में आते ही तहलका मचा दिया है। 30 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही यह फिल्म ग्लोबल टॉप-10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की सूची में सीधे पहले पायदान पर पहुंच गई।
नेटफ्लिक्स के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 7.6 मिलियन व्यूज और 26.1 मिलियन घंटे का वॉच टाइम दर्ज किया, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि थिएटर रिलीज के समय पाकिस्तान में बैन रहने के बावजूद, ओटीटी पर रिलीज होते ही नेटफ्लिक्स पाकिस्तान में भी ‘धुरंधर’ नंबर-1 ट्रेंड कर रही है। भारत के साथ-साथ यूएई में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
फिल्म में रणवीर सिंह भारतीय जासूस हमजा अली मजारी उर्फ जसकिरत सिंह रांगी के किरदार में नजर आते हैं, जो पाकिस्तान में एक खतरनाक मिशन को अंजाम देता है। अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे दमदार कलाकारों से सजी यह फिल्म निर्देशक आदित्य धर की हाई-ऑक्टेन एक्शन पेशकश है, जिसमें राजनीति, जासूसी और देशभक्ति का तगड़ा तड़का है।
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘धुरंधर’ इतिहास रच चुकी है। 2025 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म का तमगा हासिल किया।
अब दर्शकों की निगाहें इसके अगले चैप्टर पर टिकी हैं, क्योंकि ‘धुरंधर 2’ का टीजर पहले ही चर्चा में है और फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली है।



