दंतेवाड़ा में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, आकर्षक परेड और मार्चपास्ट ने बढ़ाया गौरव

जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे उल्लास, उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में प्रातः 9 बजे शुरू हुए इस भव्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।
समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की सामूहिक गूंज से पूरा परिसर देशप्रेम से सराबोर हो गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर शांति और उल्लास के प्रतीक कबूतर और गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया।
परेड में शामिल सशस्त्र बलों ने तीन बार हर्ष फायर कर राष्ट्रीय ध्वज और मुख्य अतिथि को सम्मान दिया। मार्चपास्ट में 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ, 9वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सैनिक दंतेवाड़ा, एनसीसी, स्काउट तथा आस्था विद्या मंदिर जावंगा की बैंड पार्टी ने राष्ट्रधुन पर कदमताल करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।
मार्चपास्ट के बाद मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया, वहीं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया। समारोह में विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिलाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। पूरा आयोजन गरिमा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनकर सामने आया।




