छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सेमो को मिली नई ऊर्जा की सौगात, 2.38 करोड़ से बनेगा आधुनिक विद्युत उपकेन्द्र

रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम सेमो में विकास की नई रोशनी पहुंचने जा रही है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यहां 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस परियोजना के पूरा होने से आसपास के 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और करीब 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

इस उपकेन्द्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा और यहां से तीन अलग-अलग 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। इससे सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित कई गांवों की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी। अभी इन क्षेत्रों में लगभग 500 कृषि पंप होने के कारण लो-वोल्टेज और बार-बार आपूर्ति बाधित होने की समस्या बनी रहती है, जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है।

विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों और वनांचलों तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नया उपकेन्द्र क्षेत्र में बिजली संकट को दूर कर विकास की रफ्तार बढ़ाएगा। खासकर बारिश के मौसम में भी स्थिर और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।

यह परियोजना न केवल बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि कृषि और स्थानीय उद्योगों को भी नई गति देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button