नुमालीगढ़ से ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नई दिशा: पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के नुमालीगढ़ में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए भारत की ऊर्जा नीति में ऐतिहासिक बदलाव की बात कही। उन्होंने 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिसमें बायोइथेनॉल प्लांट और पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र प्रमुख हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में तेजी से कदम उठा रहा है। उनका कहना था कि इथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन भारत को आत्मनिर्भर ऊर्जा क्षेत्र की ओर ले जा रहे हैं। नुमालीगढ़ में बने बायोइथेनॉल प्लांट से न केवल किसानों और आदिवासियों को लाभ मिलेगा, बल्कि यह ग्रीन एनर्जी की दिशा में बड़ा कदम होगा।
इसके साथ ही पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र स्थानीय रोजगार और उद्योग को नई दिशा देगा। मोदी ने ऊर्जा और सेमीकंडक्टर को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दो मजबूत स्तंभ बताते हुए असम को इस दिशा में महत्वपूर्ण भागीदार कहा।
राजनीतिक मोर्चे पर उन्होंने कांग्रेस पर असम की उपेक्षा और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य की विरासत को पहचान दिलाई, उग्रवाद कम किया और असम को विकास की नई राह पर आगे बढ़ाया। आदिवासी समुदाय को अधिकार और सम्मान देने के साथ भूमि अधिकार देने की दिशा में भी राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।


