छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ में सिकल सेल रोग की जाँच एवं जागरूकता शिविर आयोजित

23 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) रायपुर के बायोकैमिस्ट्री विभाग द्वारा “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” और 29वें राष्ट्रीय सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत सिकल सेल रोग की जाँच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

शिविर में खासतौर पर महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार पर ध्यान देते हुए सिकल सेल रोग की जाँच, निदान और उपचार से संबंधित जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सिकलिंग एक आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाओं का आकार बदल जाता है, जिससे खून में ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता कम हो जाती है। इसका परिणाम थकान, कमजोरी, बार-बार संक्रमण, और गंभीर मामलों में अंगों को नुकसान तक हो सकता है।

समय पर जाँच जरूरी

कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने जोर दिया कि समय पर निदान और उचित उपचार से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यक दवाइयों का सेवन करने की सलाह दी गई।

लाभकारी रहा शिविर

इस जागरूकता शिविर में कुल 44 लोगों की जांच की गई, जिनमें 41 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। जांच में पाया गया कि 35 महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। इनमें से 9 महिलाओं को तत्काल दवाइयां दी गईं और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें परामर्श भी प्रदान किया।

यह शिविर प्रतिभागियों के लिए उपयोगी साबित हुआ और लोगों में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अभियान सफल रहा। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार कर सशक्त परिवार की दिशा में सकारात्मक परिणाम लाना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button