छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ठेलेवाले पिता का बेटा बना प्रेरणा की मिसाल, CGPSC में पाई 14वीं रैंक

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 की परीक्षा में अंबिकापुर के बौरीपारा निवासी पंकज यादव ने राज्य में 14वीं रैंक हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा अंबिकापुर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने दूरभाष पर बधाई प्रेषित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम और प्रतिबद्धता का परिणाम है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगी।

ठेले वाले पिता के सपनों को दी उड़ान

पंकज यादव बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता रामेश्वर यादव ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और माता गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद पंकज ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मल्टीपरपज स्कूल अंबिकापुर से की और बीएससी तथा एमएससी की उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद तैयारी में जुट गए।

छह वर्षों की मेहनत का मिला फल

लगातार छह वर्षों की तैयारी, असफलताओं के बावजूद हिम्मत न हारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहने का परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है। पंकज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, आशीर्वाद और प्रेरणा को दिया।

उनकी यह कहानी अब संघर्ष, संकल्प और सफलता का प्रतीक बन चुकी है। अंबिकापुर में इस उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button