धुरंधर 2 की शूटिंग पर सस्पेंस, फोर्ट इलाके में ड्रोन उड़ाने को लेकर मुंबई पुलिस ने दर्ज किया मामला

देश–दुनिया में चर्चा बटोर रही फिल्म धुरंधर 2 अब एक अलग वजह से सुर्खियों में है। दमदार टीजर रिलीज के बाद जहां फैंस फिल्म के अगले अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, वहीं शूटिंग से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। मुंबई पुलिस ने फिल्म के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि साउथ मुंबई के हाई-सिक्योरिटी फोर्ट इलाके में बिना जरूरी अनुमति ड्रोन उड़ाया गया। इस मामले में MRA मार्ग पुलिस स्टेशन में 1 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शूटिंग के दौरान नियमों और अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी की गई।
जानकारी के मुताबिक, शूटिंग के एक सीन के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन इसके लिए किसी तरह की आधिकारिक मंजूरी नहीं ली गई थी। जिस दिन यह घटना हुई, उस वक्त अभिनेता संजय दत्त समेत पूरी फिल्म यूनिट मौके पर मौजूद थी और शूटिंग शेड्यूल का तीसरा दिन चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 30 जनवरी से ऐतिहासिक फोर्ट इलाके को खास तौर पर सजाया गया था। इसे पाकिस्तान की किसी पुरानी और भीड़भाड़ वाली गली जैसा लुक दिया गया, ताकि फिल्म के दृश्य ज्यादा प्रभावशाली नजर आएं। अब यह मामला फिल्म की रिलीज से पहले एक नई चर्चा का विषय बन गया है।

