गांव–बस्ती चलो अभियान: लक्ष्मी राजवाड़े ने महावीरपुर और संजय नगर में सुनी जनता की आवाज, विकास कार्यों को मिली रफ्तार

रायपुर। गांव–बस्ती चलो अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महावीरपुर और संजय नगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनसमस्याओं का समाधान जनता के बीच पहुंचकर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
दौरे के दौरान ग्राम महावीरपुर में नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया, वहीं ग्राम संजय नगर में नवनिर्मित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन का लोकार्पण किया गया। मंत्री ने कहा कि ऐसे बुनियादी विकास कार्य ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत करते हैं और लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाते हैं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनमत बछाड़, महिला मोर्चा सूरजपुर जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास, मंडल अध्यक्ष हरीश राजवाड़े सहित दोनों गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का स्वागत करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।




