रायगढ़ में कोयला खदान विरोध ने लिया उग्र रूप, पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने, गाड़ियों में आग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में JPL कोयला खदान के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। धरने पर बैठे ग्रामीणों को हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात इतने बिगड़े कि भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया और तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
घटना तमनार थाना क्षेत्र के सीएचपी चौक की बताई जा रही है। इस दौरान महिला थाना प्रभारी कमला पुषाम को भीड़ के हमले में चोटें आई हैं। महिलाओं द्वारा उन्हें लात मारने का आरोप सामने आया है। घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, JPL कोयला खदान की प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। आगजनी की चपेट में आई गाड़ियों में एक एसडीएम की गाड़ी होने की भी चर्चा है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात काबू में लाने की कोशिश कर रहा है।




