रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह संपन्न, 53 शोधार्थियों को पीएचडी, 1448 विद्यार्थियों को उपाधि

रायपुर। रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में आयोजित चतुर्थ दीक्षांत समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, 19 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक सहित कुल 1448 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई।
समारोह में पद्मश्री फूलबासन बाई यादव, प्रसिद्ध लेखक-कवि रामेश्वर वैष्णव और नाट्य कलाकार व लेखक विजय मिश्रा को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज और देश के विकास में योगदान देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में जानकारी आसानी से उपलब्ध है, लेकिन असली शिक्षा सोचने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में है।
उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता जीवन के दो पहलू हैं। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। संतोष और संतुलन से ही जीवन में सच्ची खुशी मिलती है। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के मजबूत स्तंभ होते हैं। उच्च शिक्षा में शोध, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों का समावेश जरूरी है।
कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति रविशंकर महाराज ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। स्वागत भाषण डॉ. सौरभ चतुर्वेदी और आभार प्रदर्शन कुलसचिव डॉ. कमल कुमार प्रधान ने किया।
समारोह में विधायक पुरंदर मिश्रा, इंद्रकुमार साहू, विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।




