राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सख्त निर्देश, दूरस्थ इलाकों पर रहेगा विशेष फोकस

नवा रायपुर स्थित स्वास्थ्य भवन में आयोजित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सिविल सर्जनों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन सरकार का लक्ष्य अब अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाना है।
मंत्री ने बताया कि दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों में 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन यूनिटों की नियमित मॉनिटरिंग और लाभार्थियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। जनजातीय अंचलों पर विशेष ध्यान देते हुए हर माह समीक्षा बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
आपातकालीन सेवाओं को लेकर उन्होंने 102 महतारी एक्सप्रेस, 108 संजीवनी एक्सप्रेस और 1099 से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही 5 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप-स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील करने, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती और आधारभूत सुविधाओं को समय पर पूरा करने को कहा।
डायग्नोस्टिक सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए मंत्री ने अस्पतालों में लैब टेक्नीशियन की उपलब्धता, जांच की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल्द ही नए जांच उपकरणों की खरीदी कर सभी अस्पतालों में जांच सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही बाहर की दवाएं लिखने वाले चिकित्सकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
मानव संसाधन को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मंत्री ने नए जिलों के लिए सीएमएचओ और सिविल सर्जन पदों पर भर्ती प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर शुरू करने को कहा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस योजना के तहत हर ब्लॉक में डायलिसिस यूनिट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जन औषधि केंद्रों के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि शासकीय अस्पताल किसी भी तरह से निजी अस्पतालों से कमतर नहीं होंगे। जिला अस्पतालों में बेहतर इलाज के साथ स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और सभी जिला अस्पतालों में अनिवार्य रूप से ब्लड बैंक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।


