रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘सरीथॉन’ का आयोजन, महिला डॉक्टरों ने दिया स्वास्थ्य और सशक्तिकरण का संदेश

रायपुर। रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (Pt. JNM Medical College) और इंडियन सोसायटी ऑफ एनेस्थिसियोलॉजिस्ट्स (ISA) सिटी ब्रांच रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष “सरीथॉन” का आयोजन किया गया। इस अनोखे कार्यक्रम में महिला चिकित्सकों ने पारंपरिक साड़ी पहनकर मेकाहारा परिसर से नगर घड़ी चौक तक वॉकथॉन में हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा फिटनेस का संदेश दिया।
कार्यक्रम की खास विशेषता “पंचरक्षक” के अंतर्गत पाँच जीवनरक्षक कौशलों का प्रदर्शन रहा। इसके माध्यम से आम लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के सरल और प्रभावी तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने चेस्ट कंप्रेशन (CPR 30:2), लेग रेज, रिकवरी पोजिशन, एब्डॉमिनल थ्रस्ट और इमरजेंसी मेडिसिन जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए, जिससे लोगों को प्राथमिक उपचार और आपातकालीन मदद के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एक संक्षिप्त नाट्य प्रस्तुति (स्किट) भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं की बहुआयामी भूमिकाओं—मां, पत्नी, बहू, एक जिम्मेदार नागरिक और एक डॉक्टर—को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निश्चेतना विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा जैन शाह, डॉ. मंजू टंडन, डॉ. प्रतीक्षा अग्रवाल, महासमुंद की डीन डॉ. रेनुका गहिने तथा जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह सहित अनेक महिला चिकित्सकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह आयोजन समाज में महिलाओं की शक्ति, सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक संदेश देता नजर आया और महिला स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




