
रायपुर। अभियंता दिवस पर देश के महान अभियंता भारत रत्न सर डॉक्टर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को जयंती पर नमन किया गया। उनकी 160वीं जयंती पर सिविल लाइन्स में न्यू सर्किट हाउस के समीप चौक के किनारे स्थित मूर्ति के समक्ष कार्यक्रम हुआ। नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में संक्षिप्त आयोजन में पहुंचकर महापौर एजाज ढेबर ने समस्त राजधानीवासियों की ओर से नमन कर आदरांजलि अर्पित की। इस दौरान नगर निगम रायपुर के सभापति प्रमोद दुबे, छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी और बड़ी संख्या में राजधानी शहर रायपुर के विभिन्न शासकीय, अर्धशासकीय विभागों में सेवारत,सेवानिवृत्त अभियंताओं, विभिन्न निजी संस्थानों के अभियंताओं ने देश के महान अभियन्ता भारत रत्न सर डॉक्टर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को आज उनकी 160वीं जयंती पर उनकी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।