खड़गवां से शुरू हुई ‘जोश’: संस्थागत स्वच्छता, स्वास्थ्य और रोजगार को जोड़ने वाली अनोखी पहल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई और अभिनव शुरुआत की गई है। खड़गवां जनपद ग्राउंड से राज्य की पहली पहल जर्नी ऑफ सेनीटेशन हाईजिन (जोश) का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य संस्थागत शौचालयों की नियमित, वैज्ञानिक और सुरक्षित सफाई सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर की गई।
‘जोश’ पहल के जरिए स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। खास बात यह है कि इसके तहत स्थानीय युवाओं को स्वच्छता प्रहरी के रूप में जोड़कर रोजगार के अवसर भी सृजित किए जाएंगे। यह पहल स्वच्छता, स्वास्थ्य और रोजगार—तीनों को एक साथ जोड़ने का काम करेगी।
इस मौके पर कहा गया कि स्वच्छता केवल बीमारी से बचाव का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी अहम कदम है। युवाओं की भागीदारी से यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देगा।
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में इस योजना की रूपरेखा तैयार की गई है। शुरुआती चरण में हर जनपद में एक स्वच्छता प्रहरी के माध्यम से इसे लागू किया जा रहा है। सफलता के आधार पर इसे पूरे जिले में विस्तार देने की योजना है।




