मुद्रा लोन से आत्मनिर्भर बनी प्रीति, बनीं गांव की प्रेरणा

रायपुर। ग्राम बुढाडांड की रहने वाली प्रीति गुप्ता अब सिर्फ एक दुकानदार नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की जीती-जागती मिसाल बन चुकी हैं। दुर्गा श्रृंगार एवं किराना दुकान से उनकी शुरुआत हुई थी, लेकिन अब उनकी दुकान गांव की प्रमुख दुकानों में गिनी जाती है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के तहत मिले एक लाख रुपए के लोन ने प्रीति के सपनों को एक नई दिशा दी। आज वे सौंदर्य प्रसाधन से लेकर घरेलू उपयोग की हर चीज़ अपनी दुकान में उपलब्ध करवा रही हैं। सालाना 2.5 लाख रुपये की आमदनी के साथ उन्होंने ‘लखपति दीदी’ बनने का सपना साकार कर दिखाया है।
लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़कर और बिहान योजना के सहयोग से प्रीति ने न केवल अपना व्यापार खड़ा किया, बल्कि आत्मविश्वास से भरा नया जीवन भी शुरू किया।
प्रीति कहती हैं, “मुद्रा लोन ने मुझे हौसला दिया और बिहान ने मुझे रास्ता दिखाया। आज मैं खुद पर गर्व करती हूं कि मैं आत्मनिर्भर बन पाई।” उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अब गांव की कई महिलाएं उनके रास्ते पर चलकर कुछ बड़ा करने की चाह रखती हैं।



