ट्रंप का शांति मिशन फिर असफल: मॉस्को में घंटों बातचीत बेनतीजा, पुतिन बोले—’यूरोप युद्ध चाहता है’

रूस–यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की अमेरिकी कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। शांति प्रस्ताव पर चर्चा के लिए मॉस्को पहुंचे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर भी क्रेमलिन का रुख नहीं बदल पाए।
कई घंटों चली अहम बैठक अंततः बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। रूस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यूक्रेन के कब्जाए गए इलाकों को लेकर दोनों देशों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी यूरी उशाकोव ने बताया कि लगभग पाँच घंटे चली चर्चा के दौरान अमेरिकी शांति प्रस्ताव के चार हिस्सों पर विस्तार से बात हुई। उन्होंने कहा, “कुछ बिंदुओं पर सहमति बनने की संभावना दिखी, लेकिन मुख्य मुद्दों पर अभी तक कोई समझौता नहीं हो पाया है। फिर भी बैठक उपयोगी और रचनात्मक रही।”
बैठक से पहले ही पुतिन ने यूरोपीय देशों पर अमेरिका की शांति पहल को बाधित करने का आरोप लगा दिया था। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, “यूरोप शांति नहीं, युद्ध चाहता है। अगर वे हमारे खिलाफ जंग छेड़ना चाहते हैं तो हम पूरी तरह तैयार हैं—इसमें कोई संदेह नहीं।”


