जशपुर में आपात स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार, संजीवनी एक्सप्रेस बनी जीवनरक्षक संबल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार मजबूत होती जा रही है। जिले को मिली 10 अतिरिक्त संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंसों से आपातकालीन सेवाओं को नई गति मिली है। अब जिले में कुल 24 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस शहरी और ग्रामीण इलाकों में चौबीसों घंटे लोगों की जान बचाने में जुटी हैं।
डायल 108 सेवा के तहत वर्ष 2025 में इन एंबुलेंसों के जरिए 10,114 मरीजों को समय पर आपात चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। सड़क दुर्घटनाएं हों या गंभीर बीमारियां, हृदयाघात, सर्पदंश या प्रसूति के जटिल मामले—हर स्थिति में संजीवनी एक्सप्रेस ने त्वरित राहत पहुंचाई है।
बीते वर्ष 572 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं कई मामलों में एंबुलेंस के भीतर ही सफल प्रसव कर मां और नवजात की जान बचाई गई। यह आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता का परिणाम है।
अतिरिक्त एंबुलेंसों के शामिल होने से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी तेजी से स्वास्थ्य सहायता पहुंचना संभव हो सका है। इससे प्रतिक्रिया समय घटा है और ग्रामीण आबादी को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल रहा है। जिलेवासी मानते हैं कि संजीवनी एक्सप्रेस ने आपात हालात में भरोसेमंद सहारा बनकर स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती दी है।




