छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रेडियो पर गूंजेगी महिलाओं की आर्थिक ताकत, ‘दीदी के गोठ’ में वित्तीय सशक्तिकरण की कहानियाँ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं की आवाज एक बार फिर रेडियो के ज़रिये पूरे प्रदेश तक पहुंचेगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान द्वारा संचालित लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का छठवां एपिसोड 08 जनवरी 2026 को प्रसारित होने जा रहा है। इस बार कार्यक्रम की थीम वित्तीय समावेशन रखी गई है, जिसमें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही महिलाओं की प्रेरक कहानियाँ सामने आएंगी।

एपिसोड में दुर्ग, बालोद और गरियाबंद जिलों की महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी। वे बताएंगी कि बैंक खातों से जुड़ाव, नियमित बचत, ऋण सुविधा, बीमा और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाओं ने उनके जीवन को कैसे बदला। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया जाएगा कि ग्रामीण महिलाएं अब केवल परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा का संदेश भी शामिल होगा, जिसमें वे महिलाओं को आर्थिक अनुशासन अपनाने, आत्मनिर्भर बनने और नए आजीविका अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित करेंगे।

‘दीदी के गोठ’ का यह एपिसोड 08 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में आकाशवाणी के सभी राज्य केंद्रों से प्रसारित होगा। वहीं बस्तरिया भाषा में जगदलपुर और सरगुजिया भाषा में अंबिकापुर केंद्र से दोपहर 2:30 बजे इसका प्रसारण किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को न केवल जानकारी देगा, बल्कि आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी पैदा करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button