“मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी मानवता का मार्गदर्शक: बेमेतरा में गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव में सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का विचार केवल एक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की मजबूत नींव है, जो आज भी पूरे समाज को दिशा देता है। वे बेमेतरा जिले में आयोजित गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव और राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवागढ़ क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 165 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से 44 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग 950 नवनिर्मित आवासों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबियां सौंपी। उन्होंने बेमेतरा जिले में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार हेतु 40 करोड़ रुपये और नवागढ़ की 10 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बने नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही नवागढ़ के जैतखाम में श्वेत ध्वज चढ़ाकर 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सतनाम मंदिर के निर्माण का भूमिपूजन भी किया।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर समाज को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। राज्य सरकार भी उनके संदेशों से प्रेरित होकर जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। किसानों के लिए धान खरीदी, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना और आवासहीनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गिरौदपुरी में स्थित दुनिया का सबसे ऊंचा जैतखाम आज वैश्विक पहचान बन चुका है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल ने गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से लाभार्थियों को सामग्री व सहायता राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।



