छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की रजत चमक — लोकसंगीत, सम्मान और विकास की नई गूंज

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर जिले में रविवार को पंडित चक्रपाणी शुक्ल शासकीय हाई स्कूल मैदान रंगों, गीतों और उत्साह से सराबोर रहा। जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ, जहां राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और प्रभारी मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।

इस मौके पर जिले की उपलब्धियों को सम्मान और गर्व के साथ मंच पर लाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल विवाह मुक्त 225 पंचायतों को सम्मानित किया, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त 60 पंचायतों के सरपंचों और सचिवों को सम्मान पत्र प्रदान किए। समाज कल्याण विभाग ने 86 वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की, जबकि हम होंगे कामयाब योजना के तहत 72 युवाओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए।

आदिवासी विकास विभाग ने 4343 विद्यार्थियों को 2 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की और स्वामित्व योजना के अंतर्गत 18,200 किसानों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किए गए।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता से बना यह राज्य आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की योजनाएं प्रदेश में समृद्धि और खुशहाली का माहौल बना रही हैं।”

प्रभारी मंत्री जायसवाल ने रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ अब तेजी से विकास के पथ पर है और विश्व में निवेश का नया केंद्र बन रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। महतारी वंदन जैसी योजनाओं ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।”

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वागत भाषण में जिले की विकास उपलब्धियों और राज्योत्सव की तैयारियों का उल्लेख करते हुए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्योग, पशुपालन, स्वास्थ्य और समाज कल्याण सहित लगभग 20 विभागों की प्रदर्शनी ने लोगों को आकर्षित किया।

सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़िया रंग

शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश की लोकधुनों और कलाओं ने समां बाँध दिया। “रंग सरोवर” के भूपेन्द्र साहू और दल ने पारंपरिक लोकशैली में मनमोहक प्रस्तुति दी। राधारानी पंडवानी पार्टी” के फिरतराम साहू और साथियों ने लोककला की अद्भुत झलक पेश की। “सुर ओ चंदम आर्टिस्ट बैंड ग्रुप” ने लोक और सूफी संगीत से वातावरण को सुरमयी बनाया, जबकि बिलासपुर की किरण मोइत्रा और दल की कठपुतली प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, उपाध्यक्ष पवन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, महिला आयोग सदस्य लक्ष्मी वर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button