देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

हरिपुरधार में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बस, 12 की मौत, कई घायल

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। हरिपुरधार क्षेत्र में कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 12 यात्रियों की जान चली गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद की। राहत एवं बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अब भी फंसे हो सकते हैं।

एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे में मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया गया है।

इस हादसे पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button