प्रशिक्षु जजों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, लोकतंत्र में न्यायपालिका की अहम भूमिका पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जब बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के प्रशिक्षु न्यायाधीशों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान न्यायिक सेवा में चयनित सभी प्रशिक्षु जजों को मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में न्यायपालिका की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। न्याय व्यवस्था केवल कानून लागू करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विश्वास और संतुलन बनाए रखने की आधारशिला भी है। उन्होंने प्रशिक्षु न्यायाधीशों से कहा कि आने वाले समय में उनके कंधों पर समाज और न्याय व्यवस्था से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रशिक्षु न्यायाधीश निष्पक्षता, संवेदनशीलता और संविधान के मूल्यों को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि न्यायपालिका आम लोगों के अधिकारों की रक्षा करने और न्याय प्रणाली में जनता के भरोसे को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर विधि विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सांवत, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की संचालक निधि शर्मा तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान न्यायिक सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।



