धान खरीदी में पारदर्शिता से किसानों के चेहरे खिले, झलपी के शिव कुमार बोले—अब मेहनत का पूरा दाम मिल रहा

छत्तीसगढ़ में इस साल धान खरीदी अभियान पूरी रफ्तार पर है। बलरामपुर जिले में किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया न केवल सुचारू रूप से चल रही है, बल्कि किसानों को इसका सीधा फायदा भी मिल रहा है। झलपी ग्राम पंचायत के किसान शिव कुमार ने धान खरीदी केंद्र पहुंचकर बताया कि टोकन कटाने से लेकर तुलाई तक हर चरण बेहद आसान रहा। केंद्र पर कर्मचारियों ने पहुंचते ही उनका 102 बोरी धान समर्थन मूल्य पर खरीदा।
शिव कुमार का कहना है कि इस बार वे लगभग 330 बोरी धान बेचेंगे, जिससे घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी से मेहनत का उचित दाम मिलता है, और इस वर्ष मिलने वाली राशि से वे अपने बच्चों के विवाह खर्च को आराम से पूरा कर सकेंगे।
खरीदी व्यवस्था को लेकर वे संतोष व्यक्त करते हैं। उनका कहना है कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए वजन-मापक, बारदाना, स्टॉक प्रबंधन, टोकन और गुणवत्ता परीक्षण जैसी सभी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए हुए है। जिला प्रशासन भी केंद्रों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है, जिससे किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
इस वर्ष की धान खरीदी ने शिव कुमार जैसे कई किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का रास्ता खोला है और उनके सपनों को नई उड़ान दी है।




