छत्तीसगढ़ में देर शाम बदल सकता है मौसम, बिजली गिरने और बारिश के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर बने एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आने की संभावना है। इसकेे कारण प्रदेश के मौसम में 9 फरवरी से परिवर्तन होने की संभावना है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गरम हवा आने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की सम्भावना है। प्रदेश में 9 फरवरी के देर शाम/रात्रि से 10 फरवरी तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 9 फरवरी और 10 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की सम्भावना है। दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तरी भाग में स्थित जिलों में 1-2 स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में इस अवधि में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना है।