जगदलपुर में श्रमिक सम्मेलन: मौके पर पंजीयन, योजनाओं का लाभ पाकर खिले मजदूरों के चेहरे

रायपुर। जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में शुक्रवार को निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया गया। श्रम विभाग और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना रहा।
सम्मेलन में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए, जिससे आयोजन स्थल उत्साह और ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बस्तर सांसद महेश कश्यप और नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों को देश के विकास की असली ताकत बताया।
अपने संबोधन में महेश कश्यप ने कहा कि श्रमिक केवल मजदूरी करने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें शासन की 31 विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए, जिससे श्रमिकों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखी। इस सम्मेलन की खास बात यह रही कि मौके पर ही पंजीकरण शिविर लगाकर नए श्रमिकों का तत्काल रजिस्ट्रेशन किया गया।
श्रम पदाधिकारी भूपेंद्र नायक ने बताया कि इस पहल का मकसद उन श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ना है, जो अब तक जानकारी के अभाव में वंचित थे। इस प्रयास से अब बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मजदूर भी सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।




