14 youths selected at the Gaurela-Pendra-Marwahi job fair; faces light up upon receiving appointment letters.

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही रोजगार मेले में 14 युवाओं का चयन, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की जिला प्रशासन की पहल को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आईटीआई गौरेला में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में 14 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया। मेले के समापन अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रोजगार मेले में पांच निजी संस्थानों ने हिस्सा लिया। विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए कुल 280 रिक्तियां उपलब्ध थीं। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे 224 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के शुरुआती चरण में 60 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसके बाद अंतिम प्रक्रिया में 14 युवाओं ने सफलता हासिल की। रोजगार मेले में ही नियुक्ति पत्र मिलने से चयनित युवाओं में उत्साह नजर आया।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के कई अवसर मौजूद हैं। युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर ईमानदारी, अनुशासन, समयबद्धता और मेहनत के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन सफलता की मजबूत नींव है। उन्होंने चयनित युवाओं से बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

बैगा युवाओं से संवाद, कौशल प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने पर जोर

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने लाइवलीहुड कॉलेज गौरेला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा हितग्राहियों के लिए संचालित टैक्सी चालक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण, रुचि और भविष्य की रोजगार संभावनाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, पूरी गंभीरता से प्रशिक्षण लेने और पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों का बेहतर लाभ उठाने के लिए युवाओं को अपने कौशल को मजबूत करना जरूरी है।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply