छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त वाराणसी से जारी, देशभर के किसानों को मिला लाभ

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी, उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त की राशि जारी की। इस अवसर को देशभर में “पी.एम. किसान दिवस” के रूप में मनाया गया।

इस योजना के तहत गरियाबंद जिले के 1,233 किसानों को लगभग 21 करोड़ 71 लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। देशभर में 9 करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त में 20,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए दी गई।

गरियाबंद जिले में हर विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी पीएम किसान दिवस मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कृषि उप संचालक कार्यालय में कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों और जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन शामिल होकर वाराणसी से हो रहे मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।

इस कार्यक्रम में गरियाबंद की जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर और कृषि स्थायी समिति के सभापति लेखराज ध्रुवा ने किसानों को संबोधित किया। सहायक संचालक नरसिंग ध्रुव ने पीएम किसान योजना और पोर्टल पर उपलब्ध ई-केवायसी की जानकारी दी, जिससे किसान खुद योजना की जानकारी की जांच कर सकें।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक शालू अब्राहम, प्रवीण जामरे और तुषार मिश्रा ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, कीट और रोग नियंत्रण, रासायनिक कीटनाशकों के नुकसान और जैविक खेती के फायदों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में किसानों को धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, जैविक खेती के ज़रिए मिट्टी और पर्यावरण को स्वस्थ रखने की अपील भी की गई।

इस आयोजन में जिले के 2000 से अधिक किसान और विभिन्न स्तरों के अधिकारी, कर्मचारी और किसान मित्र शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button