मनोविकास केंद्र बलौदाबाजार के 5 विद्यार्थियों का पर्पल फेस्ट 2025 के लिए चयन

बलौदाबाजार के मनोविकास केंद्र के पांच विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित पर्पल फेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए हुआ है, जो 9 से 12 अक्टूबर तक गोवा में आयोजित किया जा रहा है। रवाना होने से पहले गुरुवार को इन विद्यार्थियों ने कलेक्टर दीपक सोनी से मुलाकात की। कलेक्टर ने चयन को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और सभी को शुभकामनाएं दीं।
केंद्र की नोडल अधिकारी आशा शुक्ला ने जानकारी दी कि चयनित छात्र कुलदीप निर्मलकर, तुषार सेन, पुष्कर कुमार साहू, लोकेश कुमार वर्मा और किशन यादव हैं। इनके साथ योग शिक्षक ललित कुमार साहू और केंद्र प्रमुख दुर्गा शंकर पटनायक भी गोवा जाएंगे।
विद्यार्थी पर्पल फेस्ट में 15 मिनट का योग प्रदर्शन देंगे, जो दिव्यांगजनों की क्षमताओं और समावेशन की भावना को उजागर करेगा। यह मंच उन्हें अंतर्राष्ट्रीय पहचान और अनुभव प्रदान करेगा।
पर्पल फेस्ट को दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सशक्तिकरण के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसका आयोजन भारत सरकार, गोवा सरकार, सामाजिक न्याय मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र भारत के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समावेशन, पहुंच और समान अवसरों को बढ़ावा देना है।
बलौदाबाजार जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर मद से संचालित मनोविकास केंद्र जनवरी 2025 से कार्यरत है। यहां 45 से अधिक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, चिकित्सा, थेरेपी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और परामर्श जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। केंद्र का उद्देश्य बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना है, और यह अल्प समय में ही प्रभावी साबित हुआ है।




