2 लाख दीयों से जगमगाएगा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे 2 लाख आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित कर की जाएगी। पेंड्रा के मल्टीपर्पस स्कूल मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम होगा, जहां 11 हजार दीये जलाए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
मरवाही जनपद पंचायत की 10, गौरेला की 8 और पेंड्रा की 7 चयनित ग्राम पंचायतों में कुल 25 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। पेंड्रा के दुर्गा सरोवर, जिले के अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों, बिहान समूह की महिलाओं तथा शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया।
कलेक्टर ने सर्व समाज प्रमुखों की बैठक लेकर समाज के सदस्यों और नागरिकों को अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ समारोह में सर्व समाज प्रमुखों और आम नागरिकों की सहभागिता का आह्वान किया।
अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश, सेवा मेरा योगदान, जल जन सेवा संकल्प, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों, गांवों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, सामूहिक रूप से जलने वाले 2 लाख दीये सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश देंगे।




