लखनपुर में पीएम आवास हितग्राहियों से मिले राजेश अग्रवाल, बोले- पक्की छत से बढ़ा सम्मान और आत्मविश्वास

सरगुजा दौरे के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल नगर पंचायत लखनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने। मंत्री ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति, योजना से मिले लाभ और आवास से जुड़ी जरूरतों व समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से अनेक परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सिर्फ मकान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और बेहतर भविष्य से जुड़ी योजना है। पक्का आवास मिलने से परिवारों को सुरक्षित जीवन के साथ भविष्य को लेकर नई उम्मीद और आत्मविश्वास भी मिला है।
हितग्राहियों से बातचीत के दौरान मंत्री ने उनकी व्यक्तिगत समस्याओं और आवास निर्माण से जुड़ी जरूरतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने की अपेक्षा की।
सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की अपील
राजेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करें और सेवा संकल्प अभियान से जुड़ें। उन्होंने कहा कि घर-घर जलने वाला यह दीया सेवा, सकारात्मकता, विश्वास और सामाजिक सरोकारों का संदेश देगा।
मंत्री ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री आवास योजना ने जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सुरक्षा और स्थायित्व का उजाला किया है, उसी तरह ‘आशीर्वाद का दीया’ समाज में सेवा और संकल्प की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
इस दौरान हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पक्का आवास मिलने से उनके परिवारों को सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है। मंत्री ने उनके सुझावों को सुना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि गरीब कल्याण और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत और आत्मनिर्भर समाज के लिए हर परिवार को सुरक्षित आवास, सम्मानजनक जीवन और विकास के अवसर मिलना जरूरी है।



