छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ पर्यटन की दमदार मौजूदगी बनी एमपी ट्रैवल मार्ट 2025 की शान

भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में 11 से 13 अक्टूबर 2025 तक आयोजित एमपी ट्रैवल मार्ट-2025 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। बोर्ड द्वारा लगाया गया भव्य और सृजनात्मक स्टॉल देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों के बीच चर्चा का विषय बना।

राउंड टेबल सत्र में छत्तीसगढ़ समेत राजस्थान, दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड और मणिपुर के पर्यटन विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान राज्य स्तरीय साझेदारी और पर्यटन निवेश के नए पहलुओं पर सार्थक विमर्श हुआ।

छत्तीसगढ़ के स्टॉल में राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थल, सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय जीवनशैली की झलक दिखाई गई। साथ ही वन्यजीव पर्यटन, इको-टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया।

बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों व देशों से आए ट्रैवल एजेंट्स, निवेशकों और पर्यटन विशेषज्ञों से संवाद कर छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान संयुक्त निवेश, पर्यटन सहयोग और स्थायी विकास जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई।

पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ वह भूमि है जहाँ प्रकृति, संस्कृति और अध्यात्म का अद्वितीय संगम है। उनका लक्ष्य पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित न रखते हुए उसे स्थानीय विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बनाना है।

इस प्रतिष्ठित आयोजन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, फिल्म निर्माता एकता कपूर, अभिनेता गजराज राव और रघुबीर यादव, फिक्की की पूर्व अध्यक्ष, 27 देशों के प्रतिनिधि, और 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स ने भाग लिया।

एमपी ट्रैवल मार्ट 2025 के दौरान 3000+ बी2बी मीटिंग्स आयोजित हुईं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई साझेदारियों और संभावनाओं के द्वार खोले। इस भागीदारी ने छत्तीसगढ़ को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर नई पहचान दिलाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button