राज्यपाल ने सोनपुरी के होनहार विद्यार्थियों और लखपति दीदियों को किया सम्मानित

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज राजभवन में खैरगढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गोद ग्राम सोनपुरी के उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों और लखपति दीदियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को अपने हाथों से प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विभिन्न कौशल क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें मेहनत व लगन से अध्ययन करने तथा नई स्किल सीखकर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने लखपति दीदियों से भी चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। दीदियों ने बताया कि वे जैविक खेती और ड्रोन तकनीक के माध्यम से विभिन्न नवाचार कर रही हैं।
सम्मान समारोह में गोद ग्राम सोनपुरी के विद्यार्थी खुसाल वर्मा, कपिल वर्मा, टोपसिंग, पिमला वर्मा, खुशी, प्रिया वर्मा, पूजा और विनीता यादव को प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं जैविक कृषि सखी राधा वर्मा, ड्रोन दीदी सवित्री साहू, स्वच्छग्राही गोदावरी और निता वर्मा को भी सम्मानित किया गया।



