पेंटर शिवकुमार निराला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेंट किया अनूठा ‘राजनीतिक मानचित्र’, छत्तीसगढ़ की पूरी राजनीतिक यात्रा एक चित्र में सजी

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के ग्राम चकरदा निवासी पेंटर शिवकुमार निराला ने एक अनूठा ‘राजनीतिक मानचित्र’ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेंट किया। उनकी इस रचनात्मक कला-कृति ने कार्यक्रम में खास आकर्षण जोड़ दिया।
निराला द्वारा तैयार यह सचित्र मानचित्र छत्तीसगढ़ की संपूर्ण राजनीतिक यात्रा का कलात्मक दस्तावेज है। इसमें राज्य के लोकसभा और विधानसभा सदस्यों, मंत्रिमंडल की रूपरेखा, संसदीय क्षेत्रवार विवरण और 1998 से अब तक हुए सभी चुनावों का तुलनात्मक विश्लेषण सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जीत के अंतर, दलवार जनप्रतिनिधियों का क्रम और सीटों में हुए ऐतिहासिक बदलाव को उन्होंने कलात्मक शैली में दर्शाया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस रचना की सराहना करते हुए कहा कि यह कला राजनीति के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी दस्तावेज है। मुख्यमंत्री ने निराला की प्रतिभा का सम्मान करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।




