धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण: किसानों से लिया फीडबैक, पारदर्शी खरीदी पर जोर

रायपुर। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शिवप्रसाद नगर स्थित धान खरीदी केंद्र में आज महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केंद्र में किसानों को मिलने वाली सुविधाओं, मापक यंत्रों, तौल व्यवस्था और पूरी उपार्जन प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा। मंत्री ने समर्थन मूल्य, तुलाई की रफ्तार, बारदाने की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था पर भी फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराना है। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग हो और किसी भी अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रतिनिधि, किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




