Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

तीज महोत्सव में दिखा महिला पत्रकारों का जलवा! लक्ष्मी राजवाड़े, लक्ष्मी वर्मा और भावना बोहरा ने रैंप वॉक से बढ़ाई रौनक

Women journalists dazzled at the Teej festival! Lakshmi Rajwade, Lakshmi Verma, and Bhavna Bohra added glamour to the event with their ramp walk.

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को आयोजित महिला पत्रकारों का तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास, उमंग और आत्मीयता के रंगों से सराबोर रहा। तीज पर्व के इस खास आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शामिल होकर महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ तीज की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण उस समय बना, जब लक्ष्मी राजवाड़े पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक के लिए उतरीं। सिर पर पल्लू और सादगीपूर्ण अंदाज में उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा गया। महिला पत्रकारों के साथ उनका सहज और आत्मीय जुड़ाव पूरे आयोजन की खास पहचान बना।

तीज महोत्सव में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा भी विशेष रूप से शामिल हुईं। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक कर आयोजन की रौनक बढ़ाई, वहीं लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर तीज की खुशियों में सहभागिता निभाई।

महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी, सौंदर्य और आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक किया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में उत्साह और मस्ती का माहौल बना दिया। हंसी-मजाक और तालियों की गूंज के बीच महिला पत्रकारों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। महिला पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए समाज की आवाज को मजबूती से सामने लाती हैं। ऐसे आयोजन उन्हें व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच आपसी संवाद और आत्मीयता का अवसर देते हैं।

लक्ष्मी वर्मा और भावना बोहरा ने भी महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार और प्रेस क्लब सदस्य मौजूद रहे।