राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से यह विशेष सिक्का जारी किया गया है। किसी सिंधी आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना पूरे सिंधी समाज के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का विषय है। इसे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए सम्मान और गर्व का प्रतीक माना जा रहा है।
जारी किए गए विशेष सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रह करने वाले लोग शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।
कार्यक्रम में शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और देशभर से पहुंचे सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








