छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कबीरधाम में आधुनिक स्क्वायर बेलर मशीनों की शुरुआत, पराली प्रबंधन से मिलेगा किसानों और पर्यावरण को लाभ

कबीरधाम प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर से अत्याधुनिक तकनीक से लैस दो स्क्वायर बेलर मशीनों का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मशीनों की कार्यप्रणाली, उपयोग और उद्देश्य की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि ये मशीनें एक घंटे में लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में हार्वेस्टर से कटे पैरा को चौकोर बंडलों में बदल देती हैं। तैयार बंडलों का उपयोग आगे गौ-वंश के लिए चारे के रूप में किया जाएगा, जिससे चारे की उपलब्धता को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकेगा।

स्क्वायर बेलर मशीनों के उपयोग से खेतों में पराली जलाने की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। इससे किसानों को अवशेष प्रबंधन में सहूलियत मिलेगी, वायु प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गौ संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा चारे के संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसान हित, गौ संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार ठोस पहल कर रही है। स्क्वायर बेलर मशीनों से कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग होगा और किसानों को आर्थिक व पर्यावरणीय दोनों स्तरों पर लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को मशीनों के नियमित और प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, पूर्व विधायक योगेश्वर राज सिंह, अशोक साहू, जिला पंचायत सभापति बीरेन्द्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पंचमुखी बूढ़ा महादेव सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button