हैदराबाद के कैफे में फैंस की बेकाबू भीड़, पत्नी स्नेहा को थामे दिखे अल्लू अर्जुन

स्टारडम की चमक एक बार फिर भीड़ के दबाव में नजर आई। हैदराबाद के हाईटेक सिटी स्थित कैफे नीलोफर में शनिवार को अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी को फैंस की भारी भीड़ ने घेर लिया। हालात ऐसे बने कि अल्लू अर्जुन को स्नेहा का हाथ थामकर भीड़ से रास्ता बनाना पड़ा।
कैफे के भीतर से बाहर निकलते ही फैंस की संख्या और बढ़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखता है कि लोग सेल्फी और वीडियो के लिए उमड़ पड़े, जबकि सुरक्षा गार्ड मौजूद होने के बावजूद भीड़ नियंत्रित नहीं हो पाई। अल्लू अर्जुन बार-बार विनम्रता से फैंस से पीछे हटने की अपील करते नजर आए, ताकि स्नेहा सुरक्षित आगे बढ़ सकें। कैफे स्टाफ ने भी दरवाजे खुले रखकर कपल को बाहर निकलने में मदद की।
बाहर भी हालात सामान्य नहीं हुए। फैंस कार तक पीछा करते रहे और फोटो लेने की कोशिशें जारी रहीं। आखिरकार, स्नेहा के सुरक्षित कार में बैठने के बाद अल्लू अर्जुन ने हाथ हिलाकर फैंस को अलविदा कहा और वहां से रवाना हो गए।
इससे पहले अल्लू अर्जुन कोकापेट में अल्लू सिनेमा की सॉफ्ट ओपनिंग में अपने बेटे अयान के साथ नजर आए थे। प्रोड्यूसर एसकेएन ने इसे हैदराबाद का अगला आइकॉनिक स्पॉट बताते हुए शानदार पिक्चर क्वालिटी और टॉप-क्लास साउंड की तारीफ की। बताया गया कि यह एशिया का नंबर-1 और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा डॉल्बी सिनेमा है।
थिएटर के भीतर अल्लू परिवार की विरासत को दर्शाता म्यूरल भी लगाया गया है, जिसमें दादा अल्लू रामालिंगैया, पिता अल्लू अरविंद और चाचा चिरंजीवी की तस्वीरें शामिल हैं। वर्क फ्रंट पर अल्लू अर्जुन ‘पुष्पा 2’ के बाद एटली और दीपिका पादुकोण के साथ एक साइंस-फिक्शन प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

