श्रमिक कल्याण की योजनाओं से बदली तस्वीर, 6 हजार से ज्यादा परिवारों को ढाई करोड़ की सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को मजबूत करने की दिशा में सरकार की योजनाएं असर दिखा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 6000 से अधिक श्रमिक परिवारों को बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्रवृत्ति योजना, साइकिल सहायता योजना और खेलकूद प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ढाई करोड़ रुपये से अधिक की राशि का वितरण किया।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि श्रम कल्याण मंडल और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की नींव उनके मुख्यमंत्रित्व काल में पड़ी थी, जो आज एक व्यापक आंदोलन का रूप ले चुकी है। इन योजनाओं का लाभ अब तक प्रदेश के लाखों श्रमिकों तक पहुंच चुका है। उन्होंने किफायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की योजना की सराहना करते हुए कहा कि श्रम कल्याण मंडल ने जन्म से लेकर मृत्यु तक मजदूरों के लिए सुरक्षा कवच तैयार किया है।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने बताया कि मंडल द्वारा प्रदेशभर में श्रमिक हित में 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य हर परिस्थिति में मजदूरों का साथ देना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति, साइकिल सहायता और खेलकूद प्रोत्साहन योजनाओं के तहत संगठित क्षेत्र में कार्यरत हजारों श्रमिकों को ढाई करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी गई है।
कार्यक्रम में कल्याण आयुक्त अजितेश पांडे सहित मंडल के पूर्व अध्यक्ष और विभिन्न उद्योगों से जुड़े श्रमिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



