खैरागढ़ में शान से लहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस समारोह में दिखा देशभक्ति का जोश

77वें गणतंत्र दिवस पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ का राजा फतेह सिंह खेल मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मुख्य समारोह में रायपुर नगर पश्चिम विधायक राजेश मुणत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद विधायक, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने परेड का निरीक्षण किया। सशस्त्र जवानों की हर्ष फायर के बीच राष्ट्रपति के जयघोष से मैदान गूंज उठा।
मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। शांति और उल्लास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ते ही समारोह का वातावरण और भी उत्साहपूर्ण हो गया। परेड विसर्जन के बाद मुख्य अतिथि ने सभी टुकड़ियों के नेतृत्वकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।
समारोह के दौरान मीसाबंदी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पीटी प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, विभिन्न विभागों की शासन की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी खास आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और विभागीय कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के अंतिम चरण में झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मार्च-पास्ट प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
झांकी प्रतियोगिता में नई शिक्षा नीति-2020 पर आधारित प्रस्तुति के साथ शिक्षा विभाग ने पहला स्थान हासिल किया। यातायात पुलिस विभाग दूसरे और स्वास्थ्य विभाग तीसरे स्थान पर रहे। मार्च-पास्ट में सशस्त्र बल आईटीबीपी 40वीं वाहिनी प्रथम, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल द्वितीय और जिला पुलिस बल तृतीय स्थान पर रहा। नि:सशस्त्र वर्ग में स्काउट बालक सेजेस-1 खैरागढ़ प्रथम, गाइड बालिका सरस्वती शिशु मंदिर द्वितीय और गाइड बालिका स्वामी आत्मानंद विद्यालय खैरागढ़ तृतीय स्थान पर रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ पर आधारित प्रस्तुति से पहला स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदुराकोही ने बस्तरिहिया नृत्य के साथ दूसरा और विवेकानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुति से तीसरा स्थान हासिल किया।
समारोह में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, बड़ी संख्या में आम नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




