छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

मेंद्री घूमर जलप्रपात के पास बनेगा भव्य रिसॉर्ट, बस्तर पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

रायपुर। बस्तर की गोद में बसे प्राकृतिक सौंदर्य के अनमोल रत्न मेंद्री घूमर जलप्रपात को जल्द ही एक नई पहचान मिलने जा रही है। चित्रकोट की तर्ज पर प्रसिद्ध इस जलप्रपात के समीप भव्य रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी तेज हो गई है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रकृति का अनूठा अनुभव मिलेगा।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल पर लोहंडीगुड़ा प्रशासन ने परियोजना को गति दे दी है। ग्राम मेंद्री स्थित जेल विभाग की भूमि को पर्यटन विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तहसीलदार न्यायालय लोहंडीगुड़ा की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रिसॉर्ट और पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

प्रशासन ने खसरा नंबर 50, 77, 179 और 184 के अंतर्गत कुल 20.28 हेक्टेयर शासकीय भूमि को चिन्हित किया है। इस भू-भाग पर रिसॉर्ट निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।

भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आम जनता से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। यदि किसी व्यक्ति या संस्था को इस प्रस्ताव पर आपत्ति है तो वे सूचना प्रकाशन की तिथि से 15 दिनों के भीतर तहसीलदार न्यायालय, लोहंडीगुड़ा में लिखित दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इस मामले की सुनवाई 07 फरवरी 2026 को होगी। तय समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा, जिसके बाद परियोजना को अंतिम मंजूरी मिल जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button