छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

10 रुपये का टिकट, एडवेंचर का रोमांच: मयाली नेचर कैंप में अलग अंदाज़ में दिखे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को पूरी तरह अलग मूड में नजर आए। उन्होंने आम नागरिक की तरह 10 रुपये का टिकट कटवाकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल नियमों के पालन और समानता का संदेश दिया, बल्कि पर्यटन को जन-जन से जोड़ने की मिसाल भी पेश की।

मयाली नेचर कैंप में मुख्यमंत्री ने चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने खुद एटीवी बाइक चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद बैलून शूटिंग में सटीक निशाना साधा, आर्चरी शूटिंग में तीर चलाया और माउंटेन साइक्लिंग कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियां पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पर्यटन सचिव रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे मुख्यमंत्री ने खूब सराहा। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट खेलते भी नजर आए और आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी अवलोकन किया, जहां वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस और उनके औषधीय महत्व की जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button